विज्ञान और प्रौद्योगिकी ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। खासतौर पर अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आज भारत विश्व के चुनिंदा देशों में शामिल है, जिसने चंद्रयान और मंगलयान की सफलता सहित सर्न एवं तीस मीटर टेलिस्कोप जैसी अनेक अंतर्राष्ट्रीय परियोजनाओं में सक्रिय भागीदारी से विज्ञान और प्रौद्योगिकी में अपनी क्षमता का परिचय दिया है। इसलिए विज्ञान हमारे जीवन में काफी महत्व रखता है। भारत ने भी विज्ञान के क्षेत्र में काफी योगदान दिया है। कई महान वैज्ञानिकों ने भारत में जन्म लिया और विज्ञान के क्षेत्र में भारत को पहचान दिलाई और अपना एक अलग स्थान भी बनाया है। आइये, इस लेख के माध्यम से जानते हैं कि भारत में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस क्यों और कैसे मनाया जाता है।
1986 में नेशनल काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी कम्युनिकेशन (NCSTC) ने भारत सरकार को 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में नामित करने के लिए कहा। भारतीय सरकार ने 1986 में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में स्वीकार किया और घोषित किया। इस प्रकार पहला राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी, 1987 को मनाया गया। इसीलिए सर सी.वी. रमन के इस योगदान की स्मृति में वर्ष 1987 से प्रत्येक साल 28 फरवरी को भारत में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। वे यह पुरस्कार ग्रहण करने वाले भारत ही नहीं बल्कि एशिया के पहले वैज्ञानिक थे। 1954 में भारत ने उनको सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से विभूषित किया गया।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने का उद्देश्य क्या है?
इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच में विज्ञान के प्रति जागरूकता पैदा करना है। साथ ही इसके माध्यम से बच्चों को विज्ञान को बतौर अपने करियर को चुनने के लिए भी प्रोत्साहित करना है। क्योंकि इस बात को अनदेखा नहीं किया जा सकता है कि बच्चें भारत का भविष्य हैं और इस प्रकार विज्ञान को चुनकर हमारी आने वाली पीढ़ी विज्ञान क्षेत्र में अपना योगदान दे पाएगी और देश की सर्वांगीण उन्नति होगी। जनसाधारण को विज्ञान और वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति सजग बनाना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
‘रमन प्रभाव’ आखिर क्या है?
रमण प्रकीर्णन या रमण प्रभाव फोटोन कणों के लचीले वितरण के बारे में है। रमन प्रभाव के अनुसार प्रकाश की प्रकृति और स्वभाव में तब परिवर्तन होता है, जब वह किसी पारदर्शी माध्यम से निकलता है। यह माध्यम ठोस, द्रव और गैसीय, कुछ भी हो सकता है। यह घटना तब घटती है, जब माध्यम के अणु प्रकाश ऊर्जा के कणों को छितरा या फैला देते हैं। रमन प्रभाव रासायनिक यौगिकों की आंतरिक संरचना समझने के लिए भी महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कैसे मनाया जाता है?
इस दिन सभी विज्ञान संस्थानों, जैसे राष्ट्रीय और अन्य विज्ञान प्रयोगशालाएँ, विज्ञान अकादमियों, शिक्षा संस्थानों और प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सहित अनेक सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाएँ विज्ञान दिवस पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करती हैं
हर वर्ष इस दिवस के अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाता है। इस कार्यक्रम में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए विशेष योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसके अलावा किसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक का विज्ञान के लोकप्रिय विषय पर व्याख्यान भी आयोजित किया जाता है।
वहीं स्कूलों और कॉलेजों में इस दिन कई प्रकार के कार्यक्रमों, बच्चों द्वारा विज्ञान प्रोजेक्ट, प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। बच्चों को विज्ञान के विषय में जानकारी भी दी जाती है ताकि वह इसमें अपना करियर बना सकें।
यहीं हम आपको बता दें कि 10 नवंबर के दिन पूरी दुनिया में वर्ल्ड साइंस डे फॉर पीस एंड डेवलपमेंट भी मनाया जाता है।
जनमानस में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार के बिना विकास की राह में तीव्रता से आगे नहीं बढ़ा जा सकता है। समाज का एक बहुत बड़ा वर्ग आज भी निर्मूल धारणाओं और अंधविश्वासों से घिरा हुआ है। विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ने के लिए वैज्ञानिक सोच का प्रसार आवश्यक है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस जैसे आयोजन वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध हो सकते हैं।
लोकेश जोशी