आज की इस तनाव भरी जिंदगी में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो जिसका मन पूरे तरीके से शांत हो। जिस तरह बाजार में नई-नई चीजें आ रहीं है, वैसे-वैसे बीमारियाँ भी बढ़ती जा रही हैं और इस कारण से भी मन अशांत रहता है।
मन की शांति के लिए हर कोई अलग अलग सलाह देता है। यहाँ तक की कई लोग बाबाओं के पास जाने की बात भी करते हैं। पर जरा आप खुद सोचिए। अगर अपने मन को आप खुद शांत नहीं कर पा रहें हैं तो इसमे कोई बाबा आपकी मदद कैसे करेगा? इसलिए ये बेहद जरूरी है कि आप खुद अपने मन की शांति के लिए प्रयास करें।
हर कोई मन की शांति के लिए कोशिश करता रहता है लेकिन कोई ये नहीं जानता कि वो शांति हमें भगवान के नाम से, थोड़ा मेडिटेशन, योग और अन्य अच्छी चीजों को अपना कर मिल सकती है।आज कुछ ऐसी ही बातें आपको इस लेख के जरिए जानने को मिलेंगी जिसके द्वारा आप अपना मन शांत व खुश रख सकते हैं।
संतुलित आहारः-
संतुलित आहार आपके शरीर के लिए बहुत जरूरी होता है। पर क्या आप जानते हैं कि यह आपकी शारीरिक गतिविधियों को भी ज्यादा प्रभावित करता है। इससे आपका मन शांत और खुश रहता है।
एक अच्छा आहार, दुखी मन को भी खुश रखने की शक्ति प्रदान करता है। हरी पत्तेदार सब्जियाँ, अनाज, गेहूँ, सोयाबीन, मूँगफली, फल आदि चीजों में पौष्टिक तत्वों की ज्यादा मात्रा पाई जाती है जो आपके शरीर को तनाव से लड़ने में शक्ति प्रदान करता है।
दिन में दो बार भगवान का नाम जरूर लेंः-
भगवान के सामने खड़े होकर गायत्री मंत्र का जाप दिन में एक बार जरूर करें। इससे आपका मन काफी हल्का महसूस करेगा। जाप करते वक्त आँखें बंद रखें और मंत्र को दिल से पढ़ें।
नई चीजों के साथ जुड़ने का प्रयास करेंः-
खुद को नई गतिविधियों में ढालने का प्रयास करें। इस तरह आप अपने ईगो के बारे में भी जान पाएँगे और उसे संभालना भी सीखेंगे। जब तक आप नए लोगों के बीच में सहज महूसस नहीं करेंगे तब तक आप बाहर कहीं भी अपने मन को शांत नहीं रख पाएँगे।
प्रेम ही प्रेम देखने का प्रयास करेंः-
मन जब अशांत रहता है तब इंसान का ध्यान अपने कामों से भटकता है। ऐसे में आप अपने आस-पास की छोटी-छोटी चीजों को देखकर खुश रहने की आदत डालें। लोगों की आलोचना व उनके बारे में सोचना बंद कर दें। अच्छा इंसान गलतियाँ सुधारता है ना कि निकालता है। हर किसी के अंदर बुराई देखने की जगह कुछ सकारात्मकता तलाशने की कोशिश करें।
अपने मन को आराम देने का प्रयास करेंः-
भरपूर नींद लेने की कोशिश करें इसके साथ ही अपना मन एक जगह केन्द्रित करें। इसके लिए आँखों को बंद कर शरीर को पूरी तरह से ढीला छोड़ दें और धीमी गति से साँस लेते हुए किसी एक चीज में अपना ध्यान केन्द्रित करने की कोशिश करें। केवल उन्हीं बातों का ध्यान करें जो आपको खुशी देती हो।
योगः-
इसके जरिए भी मन शांत किया जा सकता है, कई ऐसे आसन है जिससे मन को शांति मिलती है।
प्रतिमा सामर











