भारत के हृदय में बसा छत्तीसगढ़ आज सैलानियों के आकर्षण का केन्द्र बनता जा रहा है। छत्तीसगढ़ को पर्यटकों का स्वर्ग कहा जाता हैं। इस अंचल को प्रकृति की अनुपम देन है। यह अंचल नैसर्गिक एवं प्राकृतिक सौन्दर्य से समृद्ध हैं। यहाँ नदी, पर्वत, जलप्रपात, प्राचीन मंदिर, पुरातात्विक स्थल, गुफा, शैलचित्र एवं अभ्यारण जैसे अनेक पिकनिक स्पॉर्ट पर्यटन स्थल हैं। अनुपम प्राकृतिक छटा, दुर्लभ वन्य जीव सम्पदा व प्राचीन मंदिरों से सजा यह राज्य अपने आप में अद्भुत सौन्दर्य समेटे हुआ है। छोटी-छोटी पर्वत मालाएँ और इसकी गोद में अठखेलियाँ करती हुई नदियाँ बरबस ही अपनी ओर ध्यान आकर्षित करती है।
इस प्रदेश का अपना प्राचीन इतिहास रहा है। इसका उल्लेख हमें हमारे प्राचीन ग्रंथों रामायण व महाभारत में दक्षिण कौशल के रूप में मिलता है। 1732 से 1818 तक यहाँ मराठों ने राज किया था। धान की खेती प्रचुर मात्रा में होने के कारण इस प्रदेश को ‘धान का कटोरा’ भी कहते हैं। प्रसिद्ध पंडवानी कलाकार तीजनबाई के कारण भी इस प्रदेश ने ख्याति प्राप्त की है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ की राजधानी है रायपुर। अतीत में यह कलचुरी राजाओं की राजधानी हुआ करती थी। यहाँ स्थित महामाया का मंदिर, बूढ़ा तालाब व घासीदास संग्रहालय आदि उल्लेखनीय है। रायपुर से मात्र 24 किमी दूर पश्चिमी में स्थित है।
भिलाई यहाँ का प्रमुख औद्योगिक नगर है। भारत की सबसे बड़ी स्टील इकाइयों में से एक यहाँ मौजूद है। नगर का मैत्री बाग एक मनोरम स्थल है। भिलाई से ही पाँच किमी दूर है देवबलोदा। यहाँ एक सुन्दर शिव मंदिर है। इसे 11 वीं से 12 वीं शताब्दी के बीच बनवाया गया था। इसकी तुलना अक्सर खजुराहो के मंदिरों के साथ की जाती है। महाशिवरात्रि के दिन यहाँ एक बहुत बड़ा मेला लगता है।
रायपुर से ही 49 किमी दूर दक्षिण-पूर्व में है राजिम। यहां महानदी, पैरी व सोंढुर नदियों का संगम होता है। जिसके कारण इस जगह को छत्तीसगढ़ का प्रयाग भी कहा जाता है। यहीं पर 8वीं 9वीं शताब्दी के मध्य बना एक विष्णु मंदिर है। यह मंदिर राजिवलोचना के नाम से जाना जाता है। राजिम से ही करीब 10 किमी दूरी पर स्थित वैष्णव पंथ के गुरू महाप्रभु वल्ल्भाचार्य की जन्मयस्थली चम्पारन है। यहाँ हर साल जनवरी फरवरी के माह में मेला लगता है। पास के ही सघन वनों में एक प्राचीन शिव मंदिर चम्पकेश्वर है।
रायपुर से 80 किमी पूर्व में जाने पर आता है सिरपुर। महानदी के किनारे बसा सिरपुर कभी दक्षिण कौशल पर राज करने वाले सर्भपुरा राजाओं की राजधानी हुआ करती थी। 6वीं -10वीं शताब्दी के मध्य यह बौद्ध धर्म के अनुयायियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। माना जाता है कि 7 वीं शताब्दी में चीन के विद्वान ह्वेनसांग भी यहाँ आए थे। खुदाई द्वारा इस जगह भगवान बुद्धा की विशालकाय प्रतिमाएँ मिली हैं।
इसी के उत्तर-पूर्व में स्थित है। शिओरीनारायण। माघ पूर्णिमा के दिन यहाँ हर साल बड़ा मेला लगता है जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। यहीं से करीब 5 किमी दूर है खरोद। यहाँ सोमवंशी राजाओं द्वारा बनवाए गए मंदिरों के अवशेष देखने को मिलते हैं। इसके 2 खंभों पर रामायण के दृश्य अंकित है।
आगे उत्तर दिशा में कई दर्शनीय स्थल हैं जैसे पुरातत्वीय महत्व का मल्हार, रुद्रशिव की अद्भुत मूर्ति के लिए विख्यात तालगाँव व महामाया के मंदिरों के लिए प्रसिद्ध रत्नापुर आदि। छत्तीसगढ़ के बिलकुल उत्तर में पड़ता है मैनपुर। समुद्रतल से 3781 फुट की ऊँचाई पर स्थित मैनपुर का वातावरण शिमला की याद दिलाता है। प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण इस जगह में बौद्ध मठों की बहुलता है। तिब्बती कालीन व सरभंजा जलप्रपात के कारण यह छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है।
रायपुर से दक्षिण की ओर जाएँँगे तो बस्तनर आएगा। यहाँ मुख्यतः मारिया व मुरीया नाम की दो वनवासी जनजातियाँ निवास करती हैं जिन्होंने आज भी अपनी संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखा है। यहीं से कुछ किलोमीटर दूर स्थित है जगदलपुर, जहाँ का दशहरा मशहूर है। इसकी खासियत यह है कि यह भगवान राम के अयोध्या लौटने के उपलक्ष्य में नहीं बल्कि स्थानीय देवी दंतेश्वरी के लिए मनाया जाता है। 75 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव की शुरूआत 15वीं शताब्दि में यहां के काकतीय राजवंश ने की थी जो आज भी जारी है। बस्तर के ही दक्षिण पूर्व में जाने पर दिखती है कंगेर घाटी। यह प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं। 34 किमी लम्बी व 6 किमी चौड़ी इस घाटी में साल वृक्षों का घना जंगल है। यहां आप चीता, लोमड़ी, जंगली सुअर, भालू, हिरन, आदि सभी दुर्लभ प्रजातियाँ देख सकते हैं। यहाँ के प्रमुख आकर्षण हैं तीतागढ़ जलप्रपात, कैलाश गुफा आदि। इसे एक राष्ट्रीय उद्यान के रूप में विकसित किया गया है।
कैसे पहुँचे : छत्तीसगढ़ देश के प्रायः सभी प्रमुख नगरों से सड़क मार्ग द्वारा जुड़ा हुआ है। यह रेलमार्ग द्वारा विशाखापट्टनम, हावड़ा, इलाहाबाद व मुंबई से जुड़ा है। अगर आप हवाईजहाज से यात्रा करते हैं तो नागपुर, मुंबई व भुवनेश्वर से रायपुर के लिए उड़ाने सुलभ हैं।
ओम रॉय