जन्म : वैशाख शुक्ल षष्ठी : 9 मई
महाकवि सूरदास का जन्म वैशाख शुक्ल षष्ठी, वि. संवत 1535 (1478 ईस्वी) में मथुरा-आगरा मार्ग पर स्थित रुनकता (रेणुका क्षेत्र) ग्राम में हुआ था। यह गाँव मथुरा-आगरा मार्ग के किनारे स्थित है। कुछ विद्वानों का मत है कि सूर का जन्म सीही नामक ग्राम में एक निर्धन सारस्वत ब्राह्मण परिवार में हुआ था। बाद में ये आगरा और मथुरा के बीच गऊघाट पर आकर रहने लगे थे। सूरदास के पिता रामदास गायक थे। सूरदास के जन्मांध होने के विषय में मतभेद है। प्रारंभ में जब सूरदास आगरा के समीप गऊघाट पर रहते थे तभी उनकी भेंट श्री वल्लभाचार्य से हुई और वे उनके शिष्य बन गए। वल्लभाचार्य ने उनको पुष्टिमार्ग में दीक्षित कर कृष्णलीला के पद गाने का आदेश दिया।
सूरदास का नाम कृष्ण भक्ति की अजस्र धारा को प्रवाहित करने वाले भक्त कवियों में सर्वोपरि है। हिन्दी साहित्य में भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य उपासक और ब्रजभाषा के श्रेष्ठ कवि महात्मा सूरदास हिंदी साहित्य के सूर्य माने जाते हैं। हिंदी कविता कामिनी के इस कमनीय कांत ने हिंदी भाषा को समृद्ध करने में जो योगदान दिया है, वह अद्वितीय है। सूरदास हिन्दी साहित्य में भक्ति काल के सगुण भक्ति शाखा के कृष्ण-भक्ति उपशाखा के महान कवि हैं।
सूरदास श्रीनाथ की “संस्कृतवार्ता मणिपाला’, श्री हरिराय कृत ‘‘भाव-प्रकाश“, श्री गोकुलनाथ की ‘‘निजवार्ता’’ आदि ग्रन्थों के आधार पर, जन्म के अन्धे माने गए हैं। लेकिन राधा-कृष्ण के रुप सौन्दर्य का सजीव चित्रण, नाना रंगों का वर्णन, सूक्ष्म पर्यवेक्षणशीलता आदि गुणों के कारण अधिकतर वर्तमान विद्वान सूर को जन्मान्ध स्वीकार नहीं करते।“
श्री श्यामसुन्दरदास ने इस सम्बन्ध में लिखा है – ‘‘सूर वास्तव में जन्मान्ध नहीं थे क्योंकि शृंगार तथा रंग-रूपादि का जो वर्णन उन्होंने किया है वैसा कोई जन्मान्ध नहीं कर सकता।’’ डॉक्टर हजारीप्रसाद द्विवेदी ने भी लिखा है – ‘‘सूरसागर के कुछ पदों से यह ध्वनि अवश्य निकलती है कि सूरदास अपने को जन्म का अन्धा और कर्म का अभागा कहते हैं, पर सब समय इसके अक्षरार्थ को ही प्रधान नहीं मानना चाहिए।“
कृतियां :
सूरदास को हिंदी साहित्य का सूरज कहा जाता है। वे अपनी कृति ‘‘सूरसागर’’ के लिये प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि उनकी इस कृति में लगभग 100000 गीत है, जिनमें से आज केवल 8000 ही बचे हैं। उनके इन गीतों में कृष्ण के बचपन और उनकी लीला का वर्णन किया गया है। सूरदास कृष्ण भक्ति के साथ ही अपनी प्रसिद्ध कृति सूरसागर के लिये भी जाने जाते है। इतना ही नहीं सूरसागर के साथ उन्होंने सुर-सारावली और सहित्य-लहरी की भी रचना की है। सूरदास की मधुर कवितायें और भक्तिमय गीत लोगों को भगवान् की तरफ आकर्षित करते थे। धीरे-धीरे उनकी ख्याति बढ़ती गयी और मुगल शासक अकबर (1542-1605) भी उन्हें दर्शक बन गये।
श्रीमद्भागवत गीता के गायन में सूरदास जी की रुचि बचपन से ही थी और आपसे भक्ति का एक पद सुनकर महाप्रभु वल्लभाचार्य जी ने आपको अपना शिष्य बना लिया और आप श्रीनाथजी के मंदिर में कीर्तन करने लगे। सूरदास जी को वल्लभाचार्य के आठ शिष्यों में प्रमुख स्थान प्राप्त था। कहा जाता है कि सूरदास ने सवा लाख पदों की रचना की। इनके सभी पद राग रागिनियों पर आधारित हैं। सूरदास जी द्वारा रचित कुल पांच ग्रन्थ उपलब्ध हुए हैं, जो निम्नलिखित हैंः सूर सागर, सूर सारावली, साहित्य लहरी, नल दमयन्ती और ब्याहलो। इनमें से नल दमयन्ती और ब्याहलो की कोई भी प्राचीन प्रति नही मिली है। कुछ विद्वान तो केवल सूर सागर को ही प्रामाणिक रचना मानने के पक्ष में हैं।
सूरसागरः
सूरसागर में लगभग एक लाख पद होने की बात कही जाती है। किन्तु वर्तमान संस्करणों में लगभग पाँच हजार पद ही मिलते हैं। विभिन्न स्थानों पर इसकी सौ से भी अधिक प्रतिलिपियाँ प्राप्त हुई हैं, जिनका प्रतिलिपि काल संवत् 1658 वि. से लेकर उन्नीसवीं शताब्दी तक है इनमें प्राचीनतम प्रतिलिपि नाथद्वारा (मेवाड़) के ‘सरस्वती भण्डार’ में सुरक्षित पायी गई हैं। सूरसागर सूरदासजी का प्रधान एवं महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ है। इसमें प्रथम नौ अध्याय संक्षिप्त है, पर दशम स्कन्ध का बहुत विस्तार हो गया है। इसमें भक्ति की प्रधानता है। इसके दो प्रसंग “कृष्ण की बाल-लीला’ और ‘भ्रमर-गीतसार’ अत्यधिक महत्त्वपूर्ण हैं। सूरसागर की सराहना करते हुए डॉक्टर हजारी प्रसाद द्विवेदी ने लिखा है दृ ”काव्य गुणों की इस विशाल वनस्थली में एक अपना सहज सौन्दर्य है। वह उस रमणीय उद्यान के समान नहीं जिसका सौन्दर्य पद-पद पर माली के कृतित्व की याद दिलाता है, बल्कि उस अकृत्रिम वन-भूमि की भाँति है जिसका रचयिता रचना में घुलमिल गया है।’’ दार्शनिक विचारों की दृष्टि से ‘भागवत’ और ‘सूरसागर’ में पर्याप्त अन्तर है।
साहित्य लहरी –
यह 118 पदों की एक लघु रचना है। इसके अन्तिम पद में सूरदास का वंशवृक्ष दिया है, जिसके अनुसार सूरदास का नाम सूरजदास है और वे चन्दबरदायी के वंशज सिद्ध होते हैं। अब इसे प्रक्षिप्त अंश माना गया है और शेष रचना पूर्ण प्रामाणिक मानी गई है। इसमें रस, अलंकार और नायिका-भेद का प्रतिपादन किया गया है। इस कृति का रचना-काल स्वयं कवि ने दे दिया है। रस की दृष्टि से यह ग्रन्थ विशुद्ध शृंगार की कोटि में आता है।
ग्रंथ और काव्य :
सूरदास के मत अनुसार श्री कृष्ण भक्ति करने और उनके अनुग्रह प्राप्त होने से मनुष्य जीव आत्मा को सद्गति प्राप्त हो सकती है। सूरदास ने वात्सल्य रस, शांत रस, और शृंगार रस को अपनाया था। सूरदास ने केवल अपनी कल्पना के सहारे श्रीकृष्ण के बाल्य रूप का अदभुत सुंदर दिव्य वर्णन किया था। जिसमें बालकृष्ण की चपलता, स्पर्धा, अभिलाषा, और आकांक्षा का वर्णन कर के विश्वव्यापी बालकृष्ण स्वरूप का वर्णन प्रदर्शित किया था। सूरदास ने अत्यंत दुर्लभ ऐसा ‘‘भक्ति और शृंगार’’ को मिश्रित कर के, संयोग वियोग जैसा दिव्य वर्णन किया था जिसे किसी और के द्वारा पुनः रचना अत्यंत कठिन होगा। स्थान – स्थान पर सूरदास के द्वारा लिखित कूट पद बेजोड़ हैं। यशोदा मैया के पात्र के शील गुण पर सूरदास लिखित चित्रण प्रशंसनीय हैं। सूरदास के द्वारा लिखी गईं कविताओं में प्रकृति-सौन्दर्य का सुंदर अद्भुत वर्णन किया गया है। सूरदास कविताओं में पूर्व कालीन आख्यान, और ऐतिहासिक स्थानों का वर्णन निरंतर होता था। सूरदास हिन्दी साहित्य के महाकवि माने जाते हैं।
सूरदास ने अपने जीवन के अंतिम वर्षो को ब्रज में बिताया। और भजन गाने के बदले उन्हें जो कुछ भी मिलता उन्हीं से उनका गुजारा होता था। सूरदास की मृत्यु 102 वर्ष के आयुष्य में गोवर्धन के निकट पारसौली ग्राम में सन् 1580 ईस्वी में हुई थी।
तरुण कुमार दाधीच