खाना खाने के बाद कुछ ऐसे क्रियाकलाप हैं, जो सामान्यतः हमें नहीं करने चाहिए। इससे हमें स्वास्थ्य से जुड़ी कई परेशानियां हो सकती हैं, जिनमें पाचन क्रिया से जुड़ी बीमारियाँ प्रमुख हैं।
खाना खाने के बाद हर व्यक्ति की अलग-अलग आदतें होती हैं। कोई खाने के बाद तुरंत आराम करने चला जाता है तो वहीं कोई इसके बाद टीवी देखने लगता या टहलने के लिए निकल जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि खाने के बाद कुछ ऐसी चीजें हैं जिन्हें हमें नहीं करना चाहिए? इससे हमारे शरीर पर बुरा असर पड़ता है। आइये, इन्हें जाने और इनसे हमेशा बचकर रहें।
1. खाना खाने के कम से कम एक घंटे बाद पानी पीएं। जब आप खाने के तुरंत बाद पानी पीते हैं, तो सलाइवा जो खाना पचाने में मदद करता है वो पानी के साथ मिल जाता है और अच्छी तरह काम नहीं करता है। इससे खाना सही तरीके से नहीं पचता है और अपच के साथ कब्ज की परेशानी होती है।
2. खाने के बाद क्या आप भी तुरंत टहलने निकल जाते हैं, तो अपनी ये आदत बदलिए। टहलने में आपकी एनर्जी बर्न होती है। इधर खाना पाचन क्रिया के लिए भी एनर्जी की जरूरत होती है। ऐसे में एनर्जी की कमी में खाना अच्छी तरह नहीं पचता है। खाने के आधे घंटे बाद ही टहलने के लिए निकलें।
3. खाना खाने के बाद तुरंत चाय पीने की गलती ना करें। चाय की पत्तियों में एसिड की मात्रा होती है। ये खाने के प्रोटिन के साथ मिलकर पाचन तंत्र के काम में रूकावट पैदा करता है। साथ ही कई बार ये एसिडिटी की वजह भी बनता है। खाने के तुरंत बाद सोने की भी गलती ना करें।
4. खाने के तुरंत बाद किसी तरह का फल ना खाएं। अगर आप ऐसा करते हैं, तो फल पेट में ही रह जाता हैं। सही पाचन नहीं होने से उनसे मिलने वाला पोषण अधूरा ही रह जाता है। पाचन क्रिया पर भी इसका असर पड़ता है। इसलिए भोजन से आधे- एक घंटे पहले या बाद ही फल खाएं।
5. कई व्यक्ति खाने के बाद धूम्रपान शुरू कर देते हैं। इससे भले उन्हें लगता है कि वो रिलैक्स फील करेंगे, लेकिन ये उनके लिए काफी हानिकारक होता है। यूँ तो सिगरेट-बीड़ी (धूम्रपान) किसी वक्त भी पीना हानिकारक ही होता है, लेकिन खाने के तुरंत बाद धूम्रपान से एसिडिटी की गम्भीर परेशानी हो सकती है।
डॉ. पूजा शर्मा